कैराना (शामली)। आगामी ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कैराना कोतवाली परिसर में पुलिस प्रशासन द्वारा धर्मगुरुओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने शासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी से नियमों का पालन करने और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी (सीओ) हेमंत कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सड़कों पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईद की नमाज केवल ईदगाह और मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाए। यदि कहीं सड़क पर नमाज अदा करते हुए पाया गया, तो प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई करनी पड़ सकती है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं और समाज के जिम्मेदार लोगों से अपील की कि वे लोगों को जागरूक करें और प्रशासन का सहयोग करें।
सीओ ने मंदिरों और मस्जिदों में लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर भी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुसार ही लाउडस्पीकर का उपयोग किया जाए और उसकी आवाज भी सीमित रखी जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो।
इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने कहा कि पुलिस प्रशासन ईद के त्योहार को लेकर पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाएं, जिससे क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे।
बैठक में मौजूद जामा मस्जिद के इमाम व खतीब मौलाना ताहिर ने कहा कि अन्य समुदायों के जुलूस भी सड़कों से होकर गुजरते हैं, इसलिए यदि ईद की नमाज के दौरान कुछ समय के लिए छूट मिल जाती तो बेहतर होता। हालांकि उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों का पालन किया जाएगा और वे नहीं चाहते कि किसी भी व्यक्ति पर कार्रवाई की स्थिति बने। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में ईदगाह के बाहर सड़क पर नमाज अदा करने के मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है।
बैठक के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि कोतवाली क्षेत्र के नगर और ग्रामीण इलाकों में कुल 46 ईदगाह और मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। साथ ही धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों ने क्षेत्र की कुछ स्थानीय समस्याओं को भी अधिकारियों के सामने रखा। इनमें गांव गोगवान में तालाब की खुदाई के कारण सड़कों पर फैली गंदगी की समस्या, सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग और मन्नामाजरा ईदगाह के पास हाईवे कट खुलवाने का सुझाव शामिल था। अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रिपोर्ट: ज़मीर आलम, पत्रकार
ब्यूरो चीफ: शौकिन सिद्दीकी
कैमरामैन: रामकुमार चौहान
राष्ट्रीय समाचार पत्रिका/न्यूज़ पोर्टल व यूट्यूब चैनल — सलाम खाकी
🌐 www.salamkhaki.com
📧 salamkhaki@gmail.com
📞 8010884848, 9528680561
No comments:
Post a Comment