Advertisement

“नो हेलमेट–नो फ्यूल” अभियान से सख्त हुआ शामली, सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस का बड़ा संदेश

शामली। जनपद शामली में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस अब पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। “No Helmet No Fuel” अभियान के तहत शुक्रवार को जिलेभर में व्यापक जागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।

पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान यातायात निरीक्षक श्रीमती निधि चौधरी एवं उनकी टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के अंतर्गत बनत चौराहा, कैराना बस अड्डा, विजय चौक, फव्वारा चौक, धीमानपुरा फाटक, शिव चौक, अंजता चौक और रोडवेज बस अड्डा समेत कई स्थानों पर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में समझाया गया। पुलिस टीम ने साफ संदेश दिया कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं दिया जाएगा।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन बचाने वाला सबसे जरूरी सुरक्षा कवच है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोटें अक्सर जानलेवा साबित होती हैं और हेलमेट इस खतरे को काफी हद तक कम करता है।

अभियान के दौरान लोगों को सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नशे की हालत में ड्राइविंग से दूर रहने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने को गंभीर अपराध बताते हुए अभिभावकों से भी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

यातायात पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान कुल 394 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 333 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के पाए गए।

पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी न केवल व्यक्ति की जान बचा सकती है, बल्कि पूरे परिवार को किसी बड़े हादसे से सुरक्षित रख सकती है।

शामली पुलिस का यह अभियान केवल चालान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने और सुरक्षित यातायात संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। आने वाले दिनों में भी “No Helmet No Fuel” सहित अन्य सड़क सुरक्षा अभियान लगातार जारी रहेंगे।


रिपोर्ट: शौकिन सिद्दीकी, ब्यूरो चीफ, शामली (उत्तर प्रदेश)
कैमरामैन: रामकुमार चौहान

प्रकाशन:
सलाम खाकी / समझो भारत

संपर्क सूत्र:
8010884848, 9528680561

No comments:

Post a Comment