Advertisement

कुडाना में हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा: हिन्दू धर्म की वैज्ञानिकता पर बोले तेजेंद्र निर्वाल, श्रद्धालुओं ने कीर्तन-भंडारे में लिया प्रसाद

विशेष रिपोर्ट — समझो भारत, शामली

ग्राम कुडाना में स्थित श्री शिव मंदिर उजागर मल कल्याण समिति के तत्वावधान में नवनिर्मित श्री हनुमान मंदिर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि “हिंदू धर्म सबसे सटीक और वैज्ञानिक धर्म है, जिसकी सत्यता आधुनिक विज्ञान भी प्रमाणित कर रहा है।”

उन्होंने कहा कि भारत की कालगणना विश्व की सबसे सटीक पद्धति है। भगवान श्री राम के जन्मकाल में बने ग्रह-नक्षत्रों के योग को नासा द्वारा प्रमाणित किया जा चुका है, जो लगभग 7200 वर्ष पूर्व का बताया गया। श्री राम सेतु की कार्बन डेटिंग में भी इसकी आयु लाखों वर्ष पुरानी पाई गई, जो भारतीय संस्कृति की प्रामाणिकता को दृढ़ करती है।
निर्वाल ने चंद्रयान-3 के सफल अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर मिले 14 दिन के अंधेरे व 14 दिन के प्रकाश ने हमारी संस्कृति के शुक्ल पक्ष और कृष्ण पक्ष की अवधारणा को वैज्ञानिक रूप से सिद्ध किया है।


हनुमान चरित्र त्याग और सेवा की प्रेरणा: दृष्टा महाराज

प्रख्यात कथा वाचक आचार्य अरविंद दृष्टा महाराज ने कहा कि हनुमान जी का पूरा जीवन त्याग, समर्पण और सेवा की मिसाल है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के सत्संग और माया से परे होकर ही मनुष्य परम तत्व का साक्षात्कार कर सकता है।
“सियाराम मय सब जग जानी”— यही हनुमान जी की दिव्य दृष्टि है।


जमीन दान करने वाले लोग दुर्लभ: अरविंद संगल

नगर पालिका शामली के अध्यक्ष अरविंद संगल ने मंदिर निर्माण पर आयोजकों को बधाई दी और कहा कि आज जहां लोग इंच भर जमीन के लिए लड़ते हैं, वहीं भूमि दान करने वाले लोग वास्तव में समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने मंदिर की व्यवस्था को बनाए रखने हेतु दान करने की अपील भी की।


विधिवत प्राण प्रतिष्ठा, यज्ञ-हवन, कीर्तन व विशाल भंडारा

नवनिर्मित मंदिर में विधि-विधान के साथ हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हुई। प्रातः यज्ञ-हवन एवं कीर्तन का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
मुख्य यजमान अनुज रहे। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष राजेंद्र भारती, उपाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद, मंत्री सतीश गर्ग, उप मंत्री मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल सहित समिति के सदस्य एवं धार्मिक-सामाजिक संगठनों के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर सेठ उजागर मल के वंशज आनंद प्रसाद संगल, समाजसेवी जयवीर सिंह, वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक वशिष्ठ, डॉक्टर सत्यपाल बागला, डॉक्टर मनोज शर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।


“समझो भारत” राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए विशेष रिपोर्ट

📍 शामली, उत्तर प्रदेश से — ब्यूरो-चीफ शौकिन सिद्दीकी
📸 कैमरा मैन: रामकुमार चौहान

📞 8010884848
🌐 www.samjhobharat.com
📧 samjhobharat@gmail.com

#samjhobharat

No comments:

Post a Comment