कल दिनांक 12 सितम्बर 2025 को सरदार बल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी हैदराबाद के 47वें आईपीएस इंडक्शन प्रशिक्षण कोर्स के अंतर्गत 17 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, लखनऊ का भ्रमण किया। यह भ्रमण Study-cum-Cultural प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों ने साइबर क्राइम यूनिट, स्थापना प्रकोष्ठ, सोशल मीडिया सेंटर और पुलिस मुख्यालय की अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का अवलोकन कर विभागीय कार्यप्रणाली को समझा।
भ्रमण के उपरांत प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्णा से मुलाकात कर अपना परिचय दिया। इनमें से गुजरात कैडर के 06, कर्नाटक के 03, मणिपुर के 03, केरल के 02 तथा असम, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के 01-01 अधिकारी सम्मिलित थे।
अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक महोदय ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस सिंगल कमांड के अंतर्गत कार्य करने वाली देश की सबसे बड़ी पुलिस फोर्स है। हाल ही में 60 हजार से अधिक आरक्षियों की भर्ती की गई है, जिनका प्रशिक्षण जारी है। यह स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध और महिलाओं के विरुद्ध अपराध जैसी चुनौतियों का उत्तर प्रदेश पुलिस ने सफलता पूर्वक सामना किया है। संगठित अपराध को प्रदेश से समाप्त करना उत्तर प्रदेश पुलिस की बड़ी उपलब्धि है।
श्री राजीव कृष्णा ने यह भी उल्लेख किया कि विगत पाँच वर्षों में पुलिस की कार्यवाही से आमजन के मन में उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि और अधिक सकारात्मक हुई है। साइबर अपराध नियंत्रण, ऑपरेशन कन्विक्शन और नए आपराधिक कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन, प्रदेश पुलिस की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल है।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को यह भी बताया कि सनसनीखेज अपराधों पर डेली रिपोर्टिंग का एक विशेष मेकैनिज्म विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से तुरंत जानकारी मिलती है और त्वरित कार्यवाही संभव हो पाती है।
प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने भी प्रयागराज महाकुंभ-2025 में पुलिस प्रबंधन की खुलकर सराहना की और इसे अद्वितीय बताया।
अंत में पुलिस महानिदेशक एवं प्रशिक्षु अधिकारियों के बीच स्मृति चिन्हों का आदान-प्रदान हुआ और श्री राजीव कृष्णा ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
✍️ खास रिपोर्ट: ज़मीर आलम
पत्रिका "सलाम खाकी" – पुलिस विभाग को समर्पित देश की एकमात्र पत्रिका
📍 मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
📞 8010884848
🌐 www.salamkhaki.com
📩 salamkhaki@gmail.com
#salamkhaki
No comments:
Post a Comment