फरीदाबाद। फरीदाबाद और पलवल जिले में GRP, RPF और सिविल पुलिस के 4000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनातः सख्ती बरतने के निर्देश। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 18 फरवरी को रेल रोको आंदोलन चलाया जाएगा। इसको देखते हुए हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल जिले में GRP, RPF और सिविल पुलिस के 4000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। बुधवार दोपहर बाद से ही रेलवे ट्रैक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस का साफ कहना है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। वहीं किसानों को काबू करने के लिए टियर गैस, वॉटर कैनन, एंटी राइट्स व्हीकल, फायर ब्रिगेड, क्रेन और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा ने 18 फरवरी को दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक रेल रोको का आह्वान किया है। DCP मुख्यालय डॉक्टर अर्पित जैन ने बताया कि फरीदाबाद शहर में रेल फाटकों और रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल तैनात किया है। रेलवे फाटक गांव प्याला, गांव जाजरू, गांव मुजेसर, मेवला महाराजपुर, गांव लक्कड़पुर और सराय में हैं। बल्लभगढ़, न्यूटाउन, ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल तैनात है।
नीलम रेलवे फ्लाईओवर सहित करीब 10 जगहों पर चौकसी बढ़ाई गई है। इसके अलावा सभी DCP, ACP, थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज, CIA यूनिट, यातायात पुलिस को हर समय अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा सभी अपने अपने एरिया में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। एंटी राइट्स इक्विपमेंट सहित अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। अगर कोई भी असामाजिक तत्व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
सलाम खाकी न्यूज से क्राइम रिपोर्टर सुमित कुमार
No comments:
Post a Comment