Advertisement

जिला के स्थापना दिवस पर जिलाभर में कार्यक्रम आयोजित -पौधारोपण कर मनाया गया हैप्पी बर्थडे




जिला के स्थापना दिवस पर जिलाभर में कार्यक्रम आयोजित
-पौधारोपण कर मनाया गया हैप्पी बर्थडे
फतेहाबाद, 15 जुलाई।
  जिला के 24वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिलाभर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में हिसार मंडल के आयुक्त विनय सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और पौधारोपण कर जिला में स्थापना दिवस पर लगाए जाने वाले 4 लाख पौधे लगाने के अभियान का शुभारंभ किया। मंडल आयुक्त ने लघु सचिवालय द्वितीय खंड के पास कन्हैया पार्क में पौधारोपण किया और जल शक्ति अभियान के अंतर्गत लघु सचिवालय परिसर में निर्मित वर्षा जल संचयन 



प्रणाली का उद्घाटन किया। आयुक्त ने कहा कि जिला ने इन 23 वर्षों में अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की है। जिला ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ विकासात्मक आधारभूत ढांचा में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है, जो हमारे लिए गर्व की बात है। जिला के नागरिकों की मेहनत और उनके सहयोग की बदौलत ही जिला ने ये ऊंचाईयां पाई है।



मंडल आयुक्त विनय सिंह ने जिला के स्थापना दिवस पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा  में उठाए गए कदम की सराहना करते हुए जिलावासियों को शुभकामनाएं व बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पर 4 लाख पौधे लगाकर फतेहाबाद एक नया इतिहास बनाएगा। उन्होंने कहा कि  पर्यावरण और जल संरक्षण पर जिला में बहुत से काम हुए हैं, जिनके भविष्य में सकारात्मक परिणाम आएंगे। आज जिला के स्थापना दिवस के अवसर पर जिला के गांवों, स्कूलों, पार्कों, व्यायामशालाओं, 



, सरकारी व अर्ध सरकारी और पंचायतों की खाली पड़ी जमीन पर बड़ी संख्या में पौधारोपण हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा पौधों के संरक्षण के लिए उठाए गए कदम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मनरेगा की स्कीम के तहत पौधे लगाने व इसके रख-रखाव की व्यवस्था की गई है जो यह सुनिश्चित करेगा की पौधों का संरक्षण हो सके।
मंडल आयुक्त ने कहा कि फतेहाबाद में जल संरक्षण पर भी बहुत अच्छा कार्य हुआ है। अनेक गांवों में इसके लिए वॉटर रिचार्ज प्रणाली विकसित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उददेश्य इस प्रकार के कार्यक्रम चलाकर उनमें लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करके इन सबके बारे में जागरूक करना है। पर्यावरण और जल विषय पर अनेक कार्यक्रम जिला में 




आयोजित हुए हैं। लोगों ने इनमें भागीदारी करके संरक्षण में अपना अपेक्षित सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि 4 लाख पौधे लगने के बाद जिला के वन क्षेत्र में भी बढोतरी होगी।
जिला में राजस्व के सुधारीकरण पर मंडल आयुक्त  विनय सिंह ने बताया कि इस दिशा में इसमें बेहतरीन कार्य किया गया है। जिला की 3 जमाबंदियों को छोडक़र सभी जमाबंदी ऑनलाइन कर दी गई है। 31 जुलाई के बाद कोई भी जमाबंदी ऑफलाइन नहीं रहेगी। इंतकाल का कार्य भी जिला में सर्वश्रेष्ठ है। रजिस्ट्री के तुरंत बाद 1 सप्ताह समय कार्य में इंतकाल दर्ज किया जा रहा है।

उपायुक्त डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने बताया कि जिला की सभी ग्राम पंचायतों, नगर परिषद, नगर पालिकाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं व अन्य विभागों तथा सामाजिक-धार्मिक संगठनों से तालमेल बनाकर पौधारोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला के स्थापना दिवस पर नागरिकों ने इस बार एक नई पहल करके पौधारोपण अभियान को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाया है। उन्होंने कहा कि एक अभियान चलाकर एक साथ 4 लाख पौधे गांव और शहरों में लगे हैं जो कीर्तिमान हैं। उपायुक्त ने जिलावासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी और पौधारोपण अभियान में दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद भी किया है। इससे पूर्व मंडल आयुक्त विनय सिंह ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता भी की और स्थापना दिवस के अवसर पर जिला के चहुंमुखी विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा कोविड-19 के संक्रमण से बचाव में किए गए प्रबंधों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की।




इस मौके पर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, उपमंडलाधीश संजय बिश्रोई, नगराधीश अनुभव मेहता, जिला परिषद सीईओ प्रवीन कुमार, डीआरओ राजेश कुमार ख्यालिया, डीएफओ राजेश माथुर, अधीक्षण अभियंता ओपी बिश्रोई, डीआईपीआरओ आत्मा राम कसाना, तहसीलदार विजय काकड़, डीआईओ सिकंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


सलाम खाकी न्यूज से 
ब्युरो चीफ़ 
उजागर सिंह की रिपोर्ट 


..

No comments:

Post a Comment