शामली, उत्तर प्रदेश।
शामली जिले की बाबरी थाना पुलिस ने शराब सेल्समैन से हुई लूट की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, घटना में प्रयुक्त वाहन तथा अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई की रात हाथी करौंदा स्थित एक देशी शराब दुकान पर कार्यरत सेल्समैन आकाश बिक्री की नकदी लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान दिल्ली–देहरादून अंडरपास के समीप दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया और कथित रूप से नकदी से भरा बैग, हिसाब-किताब की कॉपी तथा आधार कार्ड छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद बाबरी थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि लगातार की गई कार्रवाई और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लगभग 53 हजार रुपये की नकदी, लूटा गया बैग, हिसाब-किताब की कॉपी, आधार कार्ड, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा एवं खोखा कारतूस तथा एक चाकू बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के अनुसार यह तथ्य सामने आया कि करीब डेढ़ माह पहले शराब की बिक्री के दौरान कथित ओवररेट को लेकर सेल्समैन और आरोपी अंकुर के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का दावा है कि इसी पुराने विवाद की रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। मामले की आगे की जांच भी जारी है।
रिपोर्ट: शौकीन सिद्दीकी
शामली ब्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
सलाम खाकी
No comments:
Post a Comment