खेल से जीवन में आता है अनुशासन : डॉ सीएस राव
हरियाणा पुलिस अकादमी में मनोरंजन केंद्र का लोकार्पण
सलाम खाकी न्यूज़
11 फरवरी 2022 मधुबन: खेल से जीवन में अनुशासन आता है, तालमेल व टीम भावना से कार्य करने की समझ बढ़ती है, जहां हम जीत का आनंद लेते हैं वहीं हार को स्वीकार करना भी सीखते हैं। खेल हमें तनाव से मुक्त करके, जोश व उर्जा से भरने का अवसर प्रदान करते हैं। खेल हमारे शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक हैं इसलिए हमें खेलों को अपने जीवन में अवश्य शामिल करना चाहिए।
यह उद्गार मुख्य अतिथि डॉ सीएस राव, निदेशक, हरियाणा पुलिस अकादमी ने मनोरंजन केंद्र के लोकार्पण अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने अपने कर-कमलों से विधिवत लोकार्पण किया तथा उनके निर्देश पर पुलिस कर्मचारियों में से ड्रा द्वारा चयनित महिला इएचसी सीमा व इएसआई अशोक कुमार को
रिबन काटकर मनोरंजन कक्ष में प्रवेश करने का अवसर मिला। इस अवसर पर डॉ अरूण सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक, अकादमी ने मुख्य अतिथि को पौधा भेंटकर स्वागत किया और मनोरंजन केंद्र निर्माण में मार्गदर्शन हेतु डॉ राव का आभार जताया।
डॉ राव ने बताया कि गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन को एक बार राजपत्रित व तीन बार अराजपत्रित अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए पुरस्कृत किया गया है। पुरस्कार में मिली धनराशि में से प्रशिक्षणार्थियों व प्रशिक्षकों के लिए आधुनिक इंडोर गेम्स सुविधा युक्त मनोरंजन केंद्र बनाया गया है।
इसमें पूल टेबल, एयर हॅाकी, फूस बॉल, कैरमबोर्ड, शतरंज, लूडो, डार्टबोर्ड खेल शामिल हैं। इन्हें एक साथ 36 खिलाड़ी खेल सकते हैं। एलइडी टीवी साउंड सिस्टम सहित लगाया गया है, एक साथ 26 दर्शक बैठकर कार्यक्रम का आनंद ले सकते हैं। उन्होंने अकादमी के प्रशिक्षणार्थियों व स्टाफ से आह्वान किया कि वे मनोरंजन केंद्र में उपलब्ध खेल सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
अकादमी के पुलिस उप अधीक्षक अनिरूद्ध चौहान ने मुख्य अतिथि एवं दीर्घा का आभार व्यक्त किया। एएसआई नरेश कुमारी व संजय पौरिया, इएचसी सीमा व एचसी कुलदीप ने गीत व कविता प्रस्तुत की। मंच संचालन उप निरीक्षक रामकुमार ने किया।
इस अवसर पर अकादमी के जिला न्यायवादी अजय कुमार, जिला उप न्यायवादी प्रदीप कुमार व अनिता रानी पुलिस उप अधीक्षक सर्व श्री कृष्ण कुमार, विजयपाल, अजय कुमार, कप्तान सिंह, सुंदर सिंह, सुशीलप्रकाश, अकादमी स्टाफ व प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
सलाम खाकी न्यूज़ फतेहाबाद से
ब्यूरो चीफ़
उजागर सिंह की रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment