Advertisement


 

वन महोत्सव : जिला में एक दिन में लगे एक लाख पौधे

-राज्य स्तरीय कार्यक्रम यमुनानगर में आयोजित, सीएम ने किया ई-पौधारोपण एप का शुभारंभ

-उपायुक्त ने वन महोत्सव को जन आंदोलन बनाने की अपील की



सलाम खाकी न्यूज़



फतेहाबाद, 25 जुलाई।

वन विभाग द्वारा 72वां वन महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर जिला में एक दिन में एक लाख पौधे लगाए गए। उपायुक्त महावीर कौशिक ने स्थानीय नागरिक अस्पताल की आवासीय कॉलोनी में त्रिवेणी का पौधा लगाकर इसका शुभारंभ किया। जिला के सभी उपमंडलों और खंडों में कार्यक्रम आयोजित हुए। जिला के सभी 260 ग्राम पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों में पौधारोपण किया गया।




राज्य स्तरीय कार्यक्रम यमुनानगर में आयोजित हुआ। राज्य स्तरीय कार्यक्रम को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संबोधित किया, जिसका सीधा प्रसारण जिला व उपमंडल स्तर पर देखा गया। जिला व उपमंडल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भी सुनाया गया। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले स्कूली बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ई-पौधाशाला एप लॉंच की। इस एप से राज्य का कोई भी नागरिक जिला व अपने निकट नर्सरी कहां स्थित है और उसमें किस प्रकार के पौधे मिलते हैं, उसकी संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।




राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नागरिकों से पेड़ को साथी बनाने की अपील करते हुए कहा कि वे पेड़ लगाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पेड़ का हमारे जीवन में बड़ा महत्व है। हमारे संस्कार और परंपरा पेड़ों की पूजा करने की रही है। इसलिए हम पेड़ों के महत्व और इसके लगाव को भलीभांति जानते हैं। महात्मा बुद्ध ने पेड़ के नीचे ही ज्ञान को प्राप्त किया था और गीता का संदेश भी वट वृक्ष के नीचे ही भगवान श्री कृष्ण ने दिया था। उन्होंने कहा कि पेड़ों के संरक्षण और इसके रखरखाव के लिए सरकार गंभीर है। पर्यावरण की दृष्टि से इसकी महत्ता को जानते हुए सरकार ने आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने और बच्चों में इसके प्रति उत्सुकता और लगाव रखने के उद्देश्य से पौधगिरी अभियान चलाया। पौधगिरी अभियान के तहत तीन साल तक प्रत्येक पौधे की देखभाल के लिए बच्चे को छह माह में एक बार 50 रुपये देने की योजना भी लागू की गई है। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर सरकार इसमें जन भागीदारी सुनिश्चित करेगी। विकास और पेड़ का संतुलन रहें, इसके लिए जहां विकास के लिए पेड़ काटने जरूरी होंगे वहां पर चार गुना अधिक पेड़ पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की सुरक्षा व रक्षा के लिए वन मित्र योजना भी लागू की जा रही है, जिसके लिए सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को आगे लाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए जहां पेड़ लगाने अति आवश्यक है वहीं जल का संरक्षण भी महत्वपूर्ण है। जल के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने मेरा पानी मेरी विरासत योजना चलाई है। इसके तहत धान की खेती छोडक़र अन्य फसलें अपनाने वाले किसानों को प्रोत्साहन के रूप में सात हजार रुपये प्रति एकड़ दी जाएगी। इसके तहत प्रदेश में दो लाख एकड़ भूमि पर फसल विविधीकरण अपनाने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त महावीर कौशिक ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान में बढ़ चढक़र भागीदारी करने का आह्वान किया। उपायुक्त ने कहा कि वन महोत्सव के दिन जिलाभर में एक साथ एक लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। सिंचाई, शिक्षा, पंचायती विभाग की जमीन पर यह पौधारोपण किया जा रहा है। वातावरण को हरा भरा करने के लिए आम नागरिकों को इसमें अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी। उन्होंने कहा कि परिवार में कोई भी खुशी का मौका आएं तो जहां जगह हैं, वहां पौधारोपण करें और उस पौधे की देखभाल भी स्वयं करें। आने वाली पीढिय़ों के लिए हमें एक हरिभरी विरासत छोडक़र जानी है। उन्होंने कहा कि जन आंदोलन द्वारा वन महोत्सव की महत्ता को बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में भाजपा के जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राखी मक्कड़, डीएफओ राजेश माथूर, डीईओ दयानंद सिहाग, डीआईओ सिकंदर, जिला मत्स्य अधिकारी संदीप बेनीाल, आरएफओ सुभाष गोदारा, भाजपा जिला महामंत्री जगदीश शर्मा, अवतार मोंगा, शहरी मंडल अध्यक्ष शम्मी धींगड़ा, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष रणजीत ओढ, विनोद तायल, सतबीर खिचड़, अनूप सिंह, अशोक भुक्कर, सुनीत भाटिया, महेन्द्र सिंह, छोटूराम सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्कूली बच्चे भी उपस्थित रहे।


सलाम खाकी न्यूज़ फतेहाबाद से

 ब्यूरो चीफ़

 उजागर सिंह की रिपोर्ट






......

No comments:

Post a Comment