विधायक डा. कमल गुप्ता ने लिया हिसार हवाई अड्डा के द्वितीय चरण के विकास कार्यों का जायजा
हिसार: विधायक डा. कमल गुप्ता ने आज पार्टी पदाधिकारियों जिला महामंत्री सुजीत कुमार, जिला मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला, मंडल अध्यक्ष लोकेश असीजा व विकास जैन, विधानसभा संयोजक रामचंद्र गुप्ता के साथ हिसार हवाई अड्डा के द्वितीय चरण के विस्तारीकरण के कार्यों का जायजा लेने के लिए हवाई अड्डा पर पहुंचे और अधिकारियों से विकास कार्यों के बारे में जानकारी हासिल की।
विधायक डा. कमल गुप्ता ने बताया कि हिसार हवाई अड्डा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने को लेकर विकास कार्य बहुत तेजी से चल रहे हैं। इसके पूर्ण होने के बाद यह ना केवल हिसार अपितु पूरे प्रदेश के लिए बहुत ही गर्व की बात होगी। उन्होंने बताया कि हिसार एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ग्रीन एयरपोर्ट के मापदंडों के आधार पर विकसित किया जा रहा है। एयरपोर्ट के विकास कार्यों की लागत लगभग 946 करोड़ रुपए आएगी। पर्यावरण की दृष्टि से इस पर 23 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी, जिससे एयरपोर्ट के आसपास कई किलोमीटर क्षेत्र में हरियाली ही हरियाली नजर आएगी। इसके पूर्ण विकसित होने के बाद यहां से 35 लाख यात्री प्रतिवर्ष यात्रा कर सकेंगे, जिसमें घरेलू व अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने शामिल होंगी। 20 हजार मीट्रिक टन कार्गाे की इस एयरपोर्ट की क्षमता होगी।
विधायक डा. कमल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्यावरण की दृष्टि से एयरपोर्ट के विकास को लेकर काफी बल दिया गया है। एयरपोर्ट की बाउंड्री के साथ-साथ 100 मीटर की ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट की रेलवे कनैक्टीविटी भी होगी। हवाई अड्डा से दिल्ली की दूरी मात्र डेढ़ घंटे की रह जाएगी। दिल्ली के यात्री भी हिसार हवाई अड्डा से अपने गंतव्य तक की यात्रा आसानी से कर सकेंगे।
एयरपोर्ट अधिकारी ने विधायक डा. गुप्ता को बताया कि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए कुछ भवनों को भी स्थानांतरित किया जा सकता है। नई सड़कें बनाई जाएंगी जो उच्च मानक की होंगी। परम्परागत बिजली की खपत कम हो इसके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे जो कुल आवश्यकता का 20 प्रतिशत तक हो सकता है।
विधायक डा. कमल गुप्ता ने बताया कि 2014 में केंद्र व प्रदेश में जब भाजपा की सरकार बनी थी तब विधायक के नाते हिसार के हवाई अड्डे को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की बात मुख्यमंत्री से की थी। कुछ विपक्षी दलों के नेताओं ने इस परियोजना का मजाक उड़ाते हुए इसे मुंगेरीलाल के हसीन सपने कहा था। परंतु अब वही सपने यथार्थ में बदलते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिसार हवाई अड्डा के पूर्ण विकसित होने से पूरे प्रदेश व पड़ौसी राज्यों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा के क्षेत्र में नगर का विकास होगा। रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
मण्डी आदमपुर से राहूल की रिपोर्ट


No comments:
Post a Comment