Advertisement


 


कर्तव्य पथ पर प्राणों को न्यौछावर करने वालों के सपनों को पूरा करना हमारा दायित्व - डॉ सीएस राव


मुधबन पुलिस परिसर में पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन


 


21 अक्तूबर, 2022 मधुबन : मधुबन पुलिस परिसर में शहीदी स्मारक पर आज पुलिस स्मृति दिवस परेड  का आयोजन हुआ जिसमें कर्तव्य की बलि वेदी पर बलिदान हुए बहादुर पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सशस्त्र पुलिस टुकड़ी ने बलिदानी पुलिसकर्मियों को सलामी दी। मुख्य शोककर्ता के रूप में हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ सीएस राव ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। पुलिस परिसर में स्थित इकाईयों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अकादमी के प्रशिक्षणार्थियों ने भी पुष्प अर्पितकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।



                मुख्य शोककर्ता डॉ सीएव राव ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि कर्तव्य पथ पर प्राणों को न्यौछावर करने वालों का सपना था कि हमारा देश और नागरिक सुरक्षित रहें। इस सपने को पूरा करना हमारा दायित्व है। देश व नागरिकों की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देकर पुलिस एवं सशस्त्र बलों में शामिल अनेक वीर-विरांगनाओं ने प्रत्येक वर्दीधारी के लिए कर्तव्य निष्ठा के उच्च आदर्श प्रस्तुत किए हैं। डॉ राव ने शहीदों के परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त व्यक्त की।     


 

              पुलिस स्मृति दिवस के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 21 अक्तूबर 1959 को लद्दाख के ‘हॉट स्प्रिंग’ क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की टुकड़ी के 10 बहादुर जवान देश की सीमा की रक्षा करते हुए स्वचालित हथियारों से लैस चीनी सेना से मुकाबला करते हुए शहीद हुए थे। इन अदम्य साहसी जवानों के सम्मान में वर्ष 1960 से 21 अक्तूबर को ‘पुलिस स्मृति दिवस’ के रूप में मनाया जाना आरम्भ हुआ। इस दिन भारत के समस्त पुलिस एवं सशस्त्र बलों की ईकाइयों में ‘पुलिस स्मृति दिवस परेड’ आयोजित की जाती है और वीर पुलिसकर्मियों व उनके बलिदान को याद किया जाता है। 



                इस दिन 1 सितम्बर 2021 से 31 अगस्त 2022 तक एक वर्ष में शहीद हुए बहादुर पुलिसकर्मियों के नामों को पढक़र उन्हें याद किया गया है। इस वर्ष 264 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए जिनमें हरियाणा के डीएसपी सुरेन्द्र सिंह व सिपाही संदीप सिंह भी शामिल हैं। मुख्य शोककर्ता डॉ सीएस राव, निदेशक हरियाणा पुलिस अकादमी, तथा पुलिस अधीक्षक अकादमी सुनील कुमार ने इन सभी के नाम पढ़े। पुलिस स्मृति परेड की अगुवाई तावडू के पुलिस उप-अधीक्षक अनिरूद्ध चौहान ने की।  लोक संपर्क विभाग हरियाणा की जिला करनाल के कलाकारों द्वारा देशभक्ति रागनियों व गीतों के माध्यम से शहीदों को याद किया गया।



  मधुबन शहीद स्मारक में हुए इस कार्यक्रम में हरियाणा सशस्त्र पुलिस के पुलिस उप-महानिरीक्षक शिवचरण, हरियाणा पुलिस अकादमी के पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार, एचएसएनसीबी के पुलिस अधीक्षक ताहिर हुसैन सहित मधुबन परिसर में स्थित सभी ईकाइयों के अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, अकादमी के प्रशिक्षणार्थी व गणमान्य नागरिकों ने बलिदानियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। 


  सलाम खाकी न्यूज़ फतेहाबाद से

 ब्यूरो चीफ़

 उजागर सिंह की खास रिपोर्ट 





.....

No comments:

Post a Comment